श्रावस्ती में पूर्व प्रधान और पत्नी के शव मिले:जमीनी विवाद में हत्या की आशंका, सुपुर्द-ए- खाक किए गे दंपती

📅 Published: November 24, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

श्रावस्ती इकौना थाना क्षेत्र के खावा पोखर गांव में रविवार सुबह एक पूर्व प्रधान और उनकी पत्नी के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिवार ने जमीनी विवाद के चलते दंपति की हत्या की आशंका जताई है। पूर्व प्रधान मोहम्मद रोशन (लगभग 80 वर्ष) का शव उनके पैतृक घर के अंदर मिला, जबकि उनकी पत्नी वसीला (लगभग 60 वर्ष) का शव घर से करीब 3 मीटर दूर बाहर पड़ा था। वसीला की आंखों के पास गंभीर चोट के निशान और खून बहने के संकेत भी पाए गए हैं। दंपती के बड़े बेटे गुड्डू उर्फ हसीब ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे जब वह नमाज पढ़ने जा रहे थे, तब उन्होंने घर के बाहर अपनी मां वसीला का शव देखा। अंदर जाने पर उनके पिता मोहम्मद रोशन भी मृत अवस्था में मिले। परिवार के मुताबिक कुछ दिनों से जमीन के कुछ टुकड़े को लेकर पूर्व प्रधान का किसी से विवाद चल रहा था। सूचना मिलने पर इकौना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक दंपती पिछले कई वर्षों से अपने पैतृक मकान में अकेले रह रहे थे। उनके दोनों बेटे, गुड्डू उर्फ हसीब और पुल्लू उर्फ नसीब, अपने परिवारों के साथ पिता के घर से लगभग 10-15 मीटर की दूरी पर अलग-अलग मकानों में रहते हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार देर शाम दोनों शवों को गांव लाया गया, जिसके बाद परिजनों ने रात में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राहुल भाटी ने बताया कि इकौना पुलिस को सुबह 7:30 बजे दंपती के शव मिलने की सूचना मिली थी। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। एसपी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह जमीनी विवाद के कारण हुई मृत्यु प्रतीत होती है और घटना का शीघ्र अनावरण करने के लिए एक टीम गठित की गई है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *