सोमवार को सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने रविवार को हुए बस हादसे की पूरी तस्वीर साफ कर दी है। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि मैनपुरी जा रही प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर मदर डेयरी के मुख्य गेट की ओर तेजी से बढ़ती है और कुछ ही सेकंड के अंतराल में जोरदार टक्कर के साथ गेट में जा घुसती है। वीडियो में एक व्यक्ति बाल-बाल बचता हुआ नजर आता है, जो हादसे की भयावहता को बयां करता है। हादसा रविवार दोपहर जनपद इटावा के वैदपुरा थाना क्षेत्र स्थित मदर डेयरी गेट पर हुआ। बस में लगभग 60 यात्री सवार थे और टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह तहस-नहस हो गया। इस दुर्घटना में 33 यात्री समेत मदर डेयरी के दो गार्ड घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा तब हुआ जब बस के आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। कार को बचाने के चक्कर में बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे गेट से टकरा गई। यात्रियों ने बताया कि बस काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक झटके के कारण लोगों में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। सैफई के सीओ कुशल पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को इस हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में पुलिस की मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग दिया। मदर डेयरी के गार्ड रमन शर्मा ने बताया कि बस इतनी तेज रफ्तार में थी कि उन्हें खुद हटने का मौका तक नहीं मिला और उनकी ड्यूटी पर तैनात साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने और ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण की मांग की है ताकि ऐसे हादसे दुबारा न हों।
60 यात्रियों से भरी बस बेकाबू होकर गेट से टकराई:इटावा में 33 यात्री और 2 गार्ड घायल, बस के आगे कार के ब्रेक लगाने से हादसा
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
