उन्नाव में बेकाबू कार ने10 लोगों को टक्कर मारी:चालक फरार, भीड़ ने कार तोड़ी; CCTV में घटना कैद

📅 Published: November 24, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए कंचन नगर से अंबिकापुर तक 8-10 लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, कार अनियंत्रित गति से सड़क पर दौड़ रही थी। सबसे पहले कंचन नगर में एक युवक को टक्कर मारी गई। इसके बाद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और अंबिकापुर की ओर तेजी से बढ़ता गया, जिससे रास्ते में कई अन्य लोग भी उसकी चपेट में आ गए। घायलों में कंचन नगर निवासी सचिन (पुत्र धर्मपाल), सूरज मिश्रा और नगर पालिका कर्मी राजा बाबू शामिल हैं। इन सभी को निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। प्रत्यक्षदर्शी राजा बाबू ने बताया कि कार चालक युवक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था और लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद कार अंबिकापुर में खड़ी मिली, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित भीड़ अंबिकापुरम पहुंची और वहां खड़ी कार को घेरकर क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों ने बताया कि कार अंबिकापुरम, शुक्लागंज निवासी एक युवक चला रहा था। पुलिस जांच में पता चला है कि कार का रजिस्ट्रेशन कानपुर निवासी ओमप्रकाश मिश्रा के नाम पर दर्ज है। पुलिस इसी आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना का पूरा फुटेज सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है, जिससे पुलिस को वाहन की चपेट में आए लोगों की संख्या और गाड़ी की गति की जानकारी मिल रही है। गंगाघाट पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि चालक की पहचान होते ही उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *