लखनऊ के मलिहाबाद में बीएलओ (बूथ लेवल अफसर) विजय कुमार वर्मा की ब्रेन हेमरेज से हुई मौत के बाद परिवार और शिक्षा मित्र संघ ने उन पर अव्यवहारिक एसआईआर फॉर्म भरने के दबाव को जिम्मेदार बताया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सोमवार को उनके गांव सरांवा पहुंचकर परिजनों से मिले और दुख व्यक्त किया। मामले ने फील्ड कर्मियों पर बढ़ते काम के बोझ को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अजय राय पहुंचे पीड़ित परिवार से मिलने, कहा-फील्ड कार्यकर्ताओं पर बोझ असहनीय कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मृतक के घर सरांवा पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि फील्ड कर्मचारियों पर बढ़ता बोझ गंभीर समस्या बन चुका है और सरकार को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। बेहोश होकर गिरे थे घर में, एक सप्ताह के इलाज के बाद मौत ग्राम सरांवा, मलिहाबाद निवासी विजय कुमार वर्मा 15 नवंबर की शाम एसआईआर डेटा भरने के काम में व्यस्त थे। पत्नी संगीता वर्मा के अनुसार अचानक वे घर में बेहोश होकर गिर पड़े। परिवार उन्हें तुरंत अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की। लगभग एक सप्ताह तक इलाज के बाद शुक्रवार रात करीब नौ बजे उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि विजय कुमार दिनभर मोबाइल पर डेटा भरने का काम करते थे। कई-कई घंटे बिना आराम के काम करने से उनकी नींद भी प्रभावित हो रही थी और मानसिक तनाव बढ़ गया था। परिवार का आरोप-200 फॉर्म रोज भरने का दबाव, इससे टूट चुके थे विजय परिवार ने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा रोजाना अत्यधिक संख्या में एसआईआर फॉर्म भरने का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे विजय मानसिक रूप से टूट चुके थे। वे कई बार थकान और तनाव की शिकायत भी कर चुके थे, लेकिन काम का बोझ कम नहीं हुआ।प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विजय कुमार की तबीयत खराब होने पर उन्हें एसआईआर के कार्य से अवकाश दे दिया गया था। परिवार के आरोपों की जांच के संकेत भी दिए गए हैं। शिक्षा मित्र संघ का आरोप-जमीनी हकीकत के विपरीत लक्ष्य, बीएलओ कर नहीं पाते 20-25 से ज्यादा फॉर्म उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ ने कहा कि बीएलओ पर प्रतिदिन 200 एसआईआर फॉर्म भरने का दबाव बनाया जा रहा है, जो बिल्कुल अव्यावहारिक है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की अनुपलब्धता, धान कटाई का सीजन और नेटवर्क जैसी समस्याओं के कारण एक बीएलओ पूरे दिन में मुश्किल से 20-25 फॉर्म ही भर पाता है। संघ ने आरोप लगाया कि यही दबाव विजय वर्मा की मौत का कारण बना। संघ ने एसडीएम को ज्ञापन देकर मृतक के बेटे हर्षित को सरकारी नौकरी, फील्ड कर्मियों के लिए संसाधनों की उपलब्धता और बीएलओ पर दबाव न बनाने की मांग रखी है।
मलिहाबाद में बीएलओ की ब्रेन हेमरेज से मौत:परिवार ने एसआईआर कार्य के दबाव को ठहराया जिम्मेदार; कांग्रेस प्रदेश अजय राय ने पहुंचकर दी संवेदना
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
