अंबेडकरनगर में सम्मनपुर थाना क्षेत्र के पलई कल्याणपुर गांव में बीती रात एक युवक की ग्रामीणों की पिटाई से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी बिपुल उर्फ अंकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के ही एक घर में घुस गया था। घरवालों ने आवाज सुनते ही उसे पकड़ लिया, जिसके बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए युवक की हालत बिगड़ती चली गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बिपुल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और मारपीट करने वालों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
अम्बेडकरनगर में युवक की पिटाई से मौत:घर में घुसने पर ग्रामीणों ने पीटा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
