देवरिया शहर में विद्युत आपूर्ति को अधिक सुरक्षित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से बिजली विभाग मंगलवार, 25 नवंबर को महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य करेगा। इस दौरान पुरवा 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति लगभग चार घंटे के लिए बाधित रहेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने की अपील की है। उपखंड अधिकारी प्रथम अमित कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को पुरवा उपकेंद्र के स्विच यार्ड और कंट्रोल रूम में नया 33 केवी कंट्रोल पैनल लगाया जाएगा। इसके साथ ही पुराने पैनल एवं आइसोलेटर को बदलने का कार्य भी किया जाएगा। यह तकनीकी बदलाव सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक विभाग की तकनीकी टीम द्वारा किया जाएगा। तकनीकी कार्य के दौरान पुरवा उपकेंद्र से निकलने वाले सभी फीडरों की बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। इससे पुरवां, सोमनाथ नगर, सिंधी मिल, रामगुलाम टोला, गायत्रीपुरम, राघवापुर, इंडस्ट्रियल एरिया, रेलवे और औराचौरी सहित शहर के कई मोहल्लों और कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होगी। विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने आवश्यक घरेलू कार्य जैसे पानी भरना, मोबाइल चार्जिंग तथा जरूरी उपकरणों का उपयोग सुबह 11 बजे से पहले पूरा कर लें। यह मेंटेनेंस कार्य काफी समय से लंबित था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद उपकेंद्र की कार्यक्षमता बढ़ेगी। फीडरों में बार-बार आने वाली फॉल्ट की समस्या में कमी आएगी तथा ओवरलोड की स्थिति भी काफी हद तक नियंत्रित हो सकेगी। नया कंट्रोल पैनल उपकेंद्र की मॉनिटरिंग क्षमता को भी बढ़ाएगा, जिससे भविष्य में बिजली आपूर्ति और अधिक स्थिर होगी। विभाग ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे बिजली कटौती के दौरान अपने विद्युत उपकरणों के मुख्य स्विच बंद रखें, जिससे बिजली बहाली पर किसी प्रकार की क्षति न हो। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कर आपूर्ति जल्द बहाल कर दी जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को अधिक असुविधा न हो।
देवरिया में कल 4 घंटे नहीं आएगी बिजली:पुरवा सबस्टेशन पर होगा काम, स्विच यार्ड और कंट्रोल रूम में नया पैनल लगेगा
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
