कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल गिरफ्तार:हरियाणा STF ने दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा; भाऊ गैंग का मेंबर, मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग की थी

📅 Published: January 7, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को गिरफ्तार किया है। अमन भैंसवाल भाऊ गैंग से जुड़ा हुआ था। उस पर हरियाणा के अलावा पंजाब और दिल्ली में संगीन धाराओं में कई केस दर्ज हैं। 2 साल पहले उसने गोहाना में मातू राम हलवाई की दुकान पर फायरिंग करके 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी, जिसके बाद वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए अमेरिका भाग गया था। इसके बाद इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। वहां अमेरिकी एजेंसियों ने अमन को पकड़ लिया और उसे डिपोर्ट कर दिया गया। बुधवार सुबह दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर जैसे ही अमन की फ्लाइट लैंड हुई, STF ने उसे हिरासत में ले लिया। यहां पढ़िए, मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग की घटना… बाइक सवार आए बदमाशों ने की थी फायरिंग
जानकारी अनुसार गोहाना में पुरानी अनाज मंडी के पास मातू राम हलवाई की दुकान है। दो साल पहले यहां आम दिनों की तरह कामकाज चल रहा था। हलवाई जलेबी व अन्य मिठाई बना रहे थे। इसी बीच बाइक पर सवार होकर बदमाश यहां पहुंचे और ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। मौके पर हड़कंप मच गया। इसके मालिक और अन्य कारिंदे छिप गए। इसी बीच दुकान पर पहुंचा दूधिया गोली लगने से घायल हो गया। माहरा गांव के बिजेंद्र को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया। गोलियां लगने से बर्तन भी छलनी हो गए। मालिक बोले- बदमाशों ने आते ही गोली चलाई
दुकान के मालिक नीरज ने बताया कि हम सुबह काम कर रहे थे। इसी दौरान बदमाश आ गए। गोलियां चलानी शुरू कर दी। दूध वाले विजेंद्र को गोली लगी है। मौके से एक पर्ची मिली है। जो कि पुलिस वालों के पास है। चारों तरफ गोलियों के खोल बिखरे हुए हैं। कर्मचारी बोला- बाइक पर आते ही फायरिंग शुरू कर दी
मातू राम हलवाई की दुकान पर काम करने वाले संदीप ने बताया कि बदमाश बाइक से उतरे और उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दी। एक साथ 15-20 फायर हुए। गोली चलते ही हम तो छुप गए थे। यहां पर्ची फेंककर गए हैं। फायर हमारी तरफ किए गए। शीशा तोड़ दिया, गेट में भी गोली लगी हैं। महिला थाने के पास वारदात
गोहाना में मातू हलवाई की दुकान महिला थाना के पास है। सिटी थाना व सदर थाना भी करीब आधा किलोमीटर दूर हैं। बदमाशों को पुलिस का कोई भय नहीं था ओर उन्होंने दुकान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई और मौके से भाग गए। पुलिस को दुकान के पास से गोलियों के 30 से ज्यादा खोल मिले हैं। पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच कर छानबीन में लगी हैं। 7 साल पहले भी ऐसी वारदात हो चुकी
गोलियां चलाने के बाद बदमाश दुकान पर एक पर्चा फेंक गया है। इसमें दुकान के मालिक से 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। 7 साल पहले भी इस प्रकार की वारदात हो चुकी है। इसमें बदमाशों को पुलिस ने पकड़ लिया था। जुलाई 2017 में भी मांगी थी 50 लाख रंगदारी
मातू राम हलवाई की दुकान पर करीब 6 साल पहले भी फायरिंग की गई थी। 13 जुलाई 2017 को मातू राम के साथ एक अन्य दुकान पर गोलियां चलाई गई थी। तब दोनों व्यापारियों से 50-50 लाख रुपए रंगदारी मांगी गई थी। हालांकि उस समय पुलिस ने बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था और मामला निपट गया था।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *