इटावा के कोतवाली थाना क्षेत्र के अकांल गंज मोहल्ले में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सर्दी के मौसम में हुई इस चोरी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। अज्ञात चोरों ने दो मकानों के बाहर बेसमेंट में लगी पानी की मोटर चोरी कर ली। घटना बीते 15 जनवरी की रात की है, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इस घटना से जुड़ा वीडियो अब सामने आया है। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सर्दी के मौसम के साथ ही चोरी की घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है। अकांल गंज मोहल्ले में विकास सिंह पुत्र वीरेंद्र सिंह और दूसरे मकान मालिक मु. फरमान पुत्र मु. अबरार के घर के बाहर लगी पानी की मोटर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। चोरी की जानकारी सुबह होने पर पीड़ितों को हुई। इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में डर का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों से लोग अपने घरों और सामान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और रात के समय असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। बताया गया है कि चोरी की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ितों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर अस्तल चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पुलिस गश्त नियमित नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि पुलिस गश्त बढ़ाई जाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।
इटावा में दो मकानों से पानी की मोटर चोरी:सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना, पुलिस चोरों की पहचान करने में जुटी
📅 Published: January 19, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
