देवरिया में घरों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती चोरी की घटनाओं पर पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार शाम को पुलिस लाइन देवरिया सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में डीआईजी ने थाना प्रभारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अपराध नियंत्रण में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। इस अपराध गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन, जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना था। डीआईजी ने कहा कि घरों में चोरी, सार्वजनिक स्थानों पर चेन स्नेचिंग, नकबजनी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों से आमजन में असुरक्षा बढ़ रही है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चोरी, लूट, डकैती और बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीआईजी ने यह भी स्पष्ट किया कि लंबित मामलों में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। महिला अपराधों और बच्चों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने पर जोर दिया गया। पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, साइबर अपराध, एनडीपीएस एक्ट, गौ-तस्करी, अवैध शराब, जुआ और सट्टा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए थाना स्तर पर सघन अभियान चलाने को कहा गया। डीआईजी ने गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और कुर्की जैसी निरोधात्मक कार्रवाइयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया। वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों के गठन के निर्देश दिए गए। लंबित विवेचनाओं को समय पर पूरा करने और न्यायालय में तय समय पर चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश भी दिए गए। यातायात व्यवस्था, रात्रि गश्त और चेकिंग अभियानों की भी समीक्षा की गई। संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और सोशल मीडिया पर अफवाहों की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने साफ तौर पर कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीआईजी ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर जताई नाराजगी:बोले- यह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं, गंभीर मामलों में तुरंत करें कार्रवाई
📅 Published: January 20, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
