चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान बुधवार को सचल दल ने सिकंदराबाद और बुलंदशहर के कई कॉलेजों में छापेमारी की। कार्रवाई में हाईटेक नकल के मामले सामने आए। दो छात्र ब्लूटूथ डिवाइस और एक छात्र स्मार्टवॉच से नकल करता पकड़ा गया। वहीं एक परीक्षा केंद्र पर कॉपियां समय पर सील न किए जाने की खामी भी मिली। सचल दल संयोजक प्रो. शिवराज सिंह के निर्देशन में डॉ. प्रशांत यादव, डॉ. देवेंद्र सिरोही और डॉ. विनय कुमार चिकारा की टीम ने सिकंदराबाद के चंद्रकांता महाविद्यालय, वॉल्सन महाविद्यालय और स्वामी दयाल भटनागर कॉलेज ऑफ लॉ का निरीक्षण किया। बुलंदशहर में आईपी कॉलेज, ब्रह्मानंद महाविद्यालय सहित अन्य कॉलेजों की भी जांच की गई। ब्लूटूथ और स्मार्टवॉच से नकल विश्वविद्यालय के अनुसार स्वामी दयाल भटनागर कॉलेज ऑफ लॉ, सिकंदराबाद में दो विद्यार्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते पकड़ा गया। वहीं आईपी कॉलेज बुलंदशहर में एक छात्र स्मार्टवॉच के जरिए उत्तर लिखता मिला। कॉपियां देर से सील, बाह्य अधीक्षक भी नहीं ब्रह्मानंद महाविद्यालय में प्रथम पाली की उत्तरपुस्तिकाएं समय पर सील नहीं की गई थीं। प्रथम और द्वितीय पाली के दौरान सीसीटीवी कैमरों का लिंक विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराया गया। विवि का कहना है कि यहां बाह्य केंद्र अधीक्षक भी नियुक्त नहीं है। इसी केंद्र पर एक परीक्षार्थी पर्चियों से नकल करता पकड़ा गया। सचल दल ने संबंधित कॉलेजों को चेतावनी देते हुए सभी खामियों को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए हैं।
सीसीएसयू परीक्षा में हाईटेक नकल का खुलासा:ब्लूटूथ–स्मार्टवॉच से नकल करते पकड़े गए 3 छात्र ,एक केंद्र पर कॉपियां देर से सील
📅 Published: January 21, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
