पंचकूला के जाट भवन में शुक्रवार को शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा दीनबंधु चौधरी छोटूराम जी की 145वीं जयंती कार्यक्रम में पहुंचे। ढांडा ने कहा कि चौधरी छोटूराम ने अंग्रेजों के समय किसानों और गरीबों के हितों की तब आवाज़ उठाई, जब उनके अधिकारों को कुचला जा रहा था। महिपाल ढांडा ने कहा कि चौधरी छोटूराम का मानना था कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सदैव शिक्षा को जीवन से जोड़कर देखने पर बल दिया। आज शिक्षा मंत्री के रूप में मैं गर्व से कह सकता हूं कि हरियाणा सरकार उन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदली जा रही है। आधुनिक कक्षाएं, डिजिटल सुविधाएं, स्मार्ट बोर्ड, STEM लैब और गुणवत्तापूर्ण शिक्षक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हमारा उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि संस्कारयुक्त, रोजगारपरक और मूल्य आधारित शिक्षा देना है। आज का युवा तभी आगे बढ़ेगा, जब वह अपनी जड़ों से जुड़ा रहेगा। चौधरी छोटूराम का जीवन हमें सिखाता है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को साथ लेकर चलना ही सच्ची प्रगति है। प्रदेश सरकार भी इसी सोच के साथ किसान, युवा और छात्र केंद्रित नीतियां बना रही है। भाखड़ा डैम पर संग्रहालय की सराहना जाट सभा के प्रधान डा. एम एस मलिक ने चौधरी छोटूराम को नमन करते हुए उनके द्वारा किसान एवं मजदूर हित में करवाए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने भाखड़ा डैम पर चौधरी छोटूराम की प्रतिमा को संग्रहालय में रखे जाने के सरकार के निर्णय की सराहना की। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह को मौके पर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया। जम्मू-कश्मीर से पहुंचे 2 MLA जम्मू एवं कश्मीर के विधायक विक्रम सिंह रंधावा ने युवाओं से कहा कि वे चौधरी छोटूराम जी के विचारों को केवल स्मरण न करें, बल्कि अपने जीवन में उतारें। शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और किसान कल्याण-इन्हीं मूल्यों के साथ आगे बढ़कर हम एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर हरियाणा का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर जम्मू के विधायक बलदेव राज शर्मा , पूर्व मंत्री योगानंद शास्त्री , प्रो एमएम जुनेजा , भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया समेत अन्य गणमान्य ने भी संबोधित किया।
मंत्री ढांडा बोले-चौधरी छोटूराम ने गरीबों की आवाज उठाई:पंचकूला में कहा- उनका मानना था शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति
📅 Published: January 23, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
