संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के आह्वान पर 26 जनवरी को अयोध्या जिले में किसान ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले की सभी तहसीलों में भी तहसीलवार ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर किसानों की एकजुटता का प्रदर्शन करना था। किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं और मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी दे रहे हैं। सदर तहसील में ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा बरदहिया बाजार, गोसाईगंज बाजार के पश्चिमी छोर से शुरू हुई। यह मुख्य मार्ग से होते हुए रोडवेज तिराहा, रेलवे स्टेशन से सब्जी मंडी तक पहुंची। इस यात्रा का नेतृत्व जिला अध्यक्ष राम गणेश मौर्य और तहसील अध्यक्ष महेंद्र वर्मा ने किया। बीकापुर तहसील में यात्रा गुन्धौर किसान कॉम्प्लेक्स से प्रारंभ होकर पिपरी तिराहा होते हुए तहसील परिसर तक पहुंची। इसका नेतृत्व तहसील अध्यक्ष संतोष वर्मा ने किया। मिल्कीपुर तहसील में ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा ग्राम अमावासूफी से थाना खण्डासा तक निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व मंडल पदाधिकारी आर.एस. सरोज ने किया। सोहावल तहसील में यात्रा सुचित्तागंज बाजार नहर चौराहा से शुरू होकर तहसील परिसर तक पहुंची, जिसका नेतृत्व फरीद अहमद और सूर्यनाथ वर्मा ने किया। वहीं, रुदौली तहसील में गनौली कट से तहसील परिसर तक ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व जिला उपाध्यक्ष शंकर पाल पाण्डेय और तहसील अध्यक्ष रवि शंकर पाण्डेय ने किया। घनश्याम वर्मा ने दोहराया कि संगठन किसानों के हितों की लड़ाई लड़ता रहेगा और उनकी मांगों को प्रमुखता से उठाता रहेगा। उन्होंने बताया कि किसानों ने ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकालकर अपने तरीके से गणतंत्र दिवस मनाया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
भाकियू ने अयोध्या में निकाली ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा:हजारों किसानों ने ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकालकर दिया एकजुटता संदेश
📅 Published: January 26, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
