देवरिया के बैतालपुर नगर स्थित शिवांश होटल पर मंगलवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। अनैतिक गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई इस कार्रवाई में होटल के अलग-अलग कमरों से सात जोड़ों को हिरासत में लिया गया। सभी को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। बैतालपुर–देवरिया मार्ग पर स्थित शिवांश होटल के खिलाफ लंबे समय से अवैध और अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार के नेतृत्व में सुरौली थाना पुलिस, महिला थाना टीम और बैतालपुर चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से होटल पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान होटल के कमरों में संदिग्ध गतिविधियां पाए जाने के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के पहुंचते ही कुछ युवक-युवतियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की सतर्कता के चलते सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान होटल के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और किसी को भी अंदर-बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को थाने लाकर उनकी पहचान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य अभिलेखों की भी गहनता से जांच की जा रही है। रुद्रपुर क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर निजी होटल में छापेमारी की गई है। उन्होंने पुष्टि की कि होटल से सात जोड़े पकड़े गए हैं और संबंधित होटल को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि अन्य लोग भी संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए निरंतर निगरानी और कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
देवरिया में शिवांश होटल पर छापेमारी, 7 जोड़े हिरासत में:पूछताछ जारी, अनैतिक गतिविधियों के आरोप में होटल सील
📅 Published: January 27, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
