उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को राजधानी लखनऊ में ‘PDA छात्र संवाद परिवर्तन का आगाज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हाई कोर्ट के सामने हुए इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और योगी सरकार को लेकर तीखा हमला बोला।
2027 में योगी का सिंहासन गिरेगा: श्याम लाल पाल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि वर्ष 2027 में योगी आदित्यनाथ का सिंहासन गिरेगा और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार से युवा, छात्र और आम जनता परेशान है और बदलाव का मन बना चुकी है। पाल ने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज एकजुट होकर आगामी चुनाव में बड़ा फैसला करेगा।
छात्र नेताओं को चुनावी रणनीति पर दिया संदेश
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र सभा और युवाओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए प्रेरित करना रहा। श्याम लाल पाल ने छात्र नेताओं से कहा कि वे गांव-गांव और मोहल्लों तक जाकर सरकार की नीतियों की सच्चाई जनता को बताएं। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा ही परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत हैं और 2027 की लड़ाई में उनकी भूमिका निर्णायक होगी।
सपा के कई प्रमुख नेता रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उत्तरी विधानसभा से विधायक प्रत्याशी पूजा शुक्ला, पार्टी प्रवक्ता सुनील साजन, युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष फहद और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राम ब्रज यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और छात्र नेता कार्यक्रम में शामिल हुए। नेताओं ने एक स्वर में 2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा किया।
लखनऊ में PDA छात्र संवाद:प्रदेश अध्यक्ष पाल बोले- आज युवा,महिला समेत सभी वर्ग परेशान,2027 में योगी का सिंहासन गिरेगा
📅 Published: January 29, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
