मिर्जापुर के अहरौरा में व्हाट्सएप पर शादी का निमंत्रण पत्र भेजकर की गई ऑनलाइन ठगी के मामले में पीड़ित को राहत मिली है। अहरौरा साइबर टीम की तत्परता से ठगी गई ₹1,04,997 की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई है। अहरौरा थाना क्षेत्र के टिकरा खडंजा निवासी विनोद कुमार ने 8 अगस्त 2025 को साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप पर शादी का निमंत्रण कार्ड भेजा था। कार्ड खोलते ही एक स्कैनर सक्रिय हो गया, जिसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। मोबाइल दोबारा चालू होने पर विनोद कुमार के खाते से लगातार पैसे डेबिट होने के संदेश आने लगे। इस तरह कुल ₹1,04,997 की ठगी कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में थाना अहरौरा की साइबर टीम ने जांच शुरू की। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी रकम पीड़ित के खाते में वापस कराई। राशि वापस मिलने पर पीड़ित विनोद कुमार ने थाने पहुंचकर पुलिस और साइबर टीम की सराहना की और उन्हें धन्यवाद दिया। पुलिस ने इस दौरान पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए और अन्य लोगों को भी सतर्क रहने की अपील की। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय मिश्र, साइबर सेल टीम के हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, कांस्टेबल पवन गुप्ता और महिला कांस्टेबल महिमा उपाध्याय शामिल रहे।
मिर्जापुर में व्हाट्सएप निमंत्रण से ठगी:साइबर टीम ने पीड़ित के खाते में 1 लाख रुपए कराए वापस
📅 Published: January 30, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
