तमकुहीराज में 27 ग्रामीण सड़कों की मरम्मत को मंजूरी:6 करोड़ की लागत से 40 KM मार्ग बनेंगे, विधायक ने जताया सीएम का आभार

📅 Published: February 1, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

उत्तर प्रदेश सरकार ने तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र की 27 ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण को स्वीकृति दे दी है। इन सड़कों के कायाकल्प से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। तमकुहीराज के विधायक डॉ. असीम कुमार ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। विधायक डॉ. असीम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के तहत लगभग 40 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण और नवीनीकरण किया जाएगा। इन कार्यों पर अनुमानित 6 करोड़ रुपये की लागत आएगी। सरकार ने इसमें से 1.5 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है, जबकि शेष राशि शीघ्र जारी होने की उम्मीद है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। लंबे समय से खराब सड़कों के कारण ग्रामीणों को दैनिक कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़कें दुरुस्त होने से समय की बचत होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। डॉ. असीम कुमार ने कहा कि यह स्वीकृति तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार “सबका साथ–सबका विकास” के संकल्प के साथ हर वर्ग के हित में निरंतर कार्य कर रही है। आने वाले समय में क्षेत्र को और भी विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *