गोंडा जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत बैनिया ग्रामसभा के खपरीपुरवा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगा ली। आज सुबह उसका शव घर के बगल बने मड़हे में फंदे से झूलता मिला। सूचना मिलने पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया।देहात कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। मृतक की पहचान 58 वर्षीय मेवालाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह जब वे मड़हे में मेवालाल को जगाने गए, तो उनका शव फांसी पर लटका पाया। यह घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है।बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले मेवालाल के भाई की मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह अक्सर अवसाद में रहते थे। मृतक की पत्नी ने बताया कि सोमवार शाम खाना खाने के बाद मेवालाल सोने के लिए अपने मड़हे में चले गए थे। गोंडा देहात कोतवाल विंधेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है, हालांकि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
गोंडा में फंदे से लटका मिला शव:भाई की मौत के बाद से तनाव में थे, शाम को खाना खाने के बाद सोने गए थे
📅 Published: February 3, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
