मेरठ के फलावदा जूनियर हाईस्कूल से बच्चों की पिटाई का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें शिक्षक छात्रों को मुर्गा बनाकर डंडे से पीटते दिखाई दे रहे हैं। जब ग्रामीणों को इस बात का पता चला तो ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर विरोध किया और घटना का वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही शिक्षक स्कूल से गायब हो गए। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ बच्चों को मुर्गा बनाकर डंडे से मारा जा रहा है, जबकि कुछ छात्राओं को हाथ ऊपर उठाकर कोने में खड़ा कर सजा दी गई है। शिक्षक लगातार बच्चों को मारते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया और वीडियो बनाना शुरू किया। वीडियो में एक महिला कहती सुनाई दे रही है कि बच्चे बदतमीजी कर रहे थे। वहीं जब एक व्यक्ति ने पूछा कि बच्चों को क्यों मारा जा रहा है, तो महिला ने जवाब दिया कि ड्रेस के कारण सजा दी जा रही है। शिक्षक ने यह भी कहा कि अगर बच्चे बदतमीजी करेंगे तो उन्हें पीटा जाएगा। वीडियो बनाने पर शिक्षक ने दी धमकी जब ग्रामीण वीडियो बना रहे थे तो एक शिक्षक ने कहा कि वीडियो मुख्यमंत्री पोर्टल पर डाल देना। इस दौरान शिक्षक और वीडियो बना रहे व्यक्ति के बीच बहस भी हुई। शिक्षक ने खुद को एचओडी बताते हुए पूछा कि किसकी अनुमति से स्कूल में आए हो और वीडियो बनाने वाले को बाहर निकलने के लिए कहा। ग्रामीणों ने 112 पर दी सूचना, पुलिस पहुंचने से पहले शिक्षक फरार घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने 112 नंबर पर कॉल कर को सूचना दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शिक्षक स्कूल से फरार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को इस तरह मारना कानूनन अपराध है। आरटीई एक्ट 2009 के तहत स्कूलों में शारीरिक दंड पूरी तरह प्रतिबंधित है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है और शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फलावदा जूनियर हाईस्कूल में बच्चों की पिटाई का VIDEO:मुर्गा बनाकर डंडे से पीटा, ग्रामीणों ने किया विरोध तो पुलिस पहुंचने से पहले शिक्षक गायब
📅 Published: February 15, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
