मथुरा की थाना रिफाइनरी पुलिस ने बुधवार रात चेकिंग के दौरान दो अंतरजनपदीय बाइक चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिफाइनरी थाने में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर 2025 की रात करीब 10:50 बजे रिफाइनरी थाना पुलिस टीम एनएच-19 पर जीयो पेट्रोल पंप से आगरा की ओर लगभग 100 मीटर दूर नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक दिखे। उन्हें रोककर तलाशी लेने पर उनके पास चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। गुरुवार को जारी पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान लोकेश उर्फ लक्की (23), पुत्र हुब्बा सिंह, और श्यामवीर उर्फ श्याम (28), पुत्र दीवान सिंह के रूप में हुई है। दोनों आगरा जिले के थाना अच्छनेरा क्षेत्र के साधन गांव के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी शातिर वाहन चोर हैं और मथुरा-आगरा क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पूछताछ में उन्होंने चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। मौके से पुलिस ने अलग-अलग मॉडल की नौ मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें स्प्लेंडर प्लस, एचएफ डिलक्स और अपाचे जैसी बाइकें शामिल हैं। कई वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर मिटाकर उनकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई थी। कुछ बाइकें फर्जी नंबर प्लेट के साथ मिलीं। गिरफ्तारी के बाद थाना रिफाइनरी में मु0अ0सं0 352/25 के तहत धारा 35(1)/106 बीएनएसएस और 318(4)/317(2)/317(4)/317(5)/112 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं, ताकि अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सके। थाना रिफाइनरी पुलिस टीम की इस कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
मथुरा में 2 बाइक चोर गिरफ्तार:अलग-अलग मॉडल की 9 मोटरसाइकिलें बरामद, केस दर्ज
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
