किन्नर डेरा संचालक हाजी नाजिम पर धर्मांतरण का आरोप:आरोपों को बताया निराधार, निष्पक्ष जांच की मांग की

📅 Published: November 20, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मुजफ्फरनगर में किन्नर समुदाय से जुड़ा एक मामला सामने आया है। मंडी थाना क्षेत्र की किन्नर पलक उर्फ अविनाश ने डेरा संचालक हाजी नाजिम पर जबरन लिंग परिवर्तन और धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। गुरुवार दोपहर हाजी नाजिम ने एक पत्रकार वार्ता कर इन आरोपों को झूठा, आधारहीन और भ्रामक बताया। हाजी नाजिम ने स्पष्ट किया कि उनके डेरे में विभिन्न धर्मों और समाजों के किन्नर रहते हैं। उन्होंने कहा, “मेरे दरबार में वैश्य समाज, ठाकुर समाज सहित कई समुदायों के किन्नर निवास करते हैं। यहां एक मंदिर भी है, जहां हिंदू किन्नर पूजा-पाठ करते हैं, जबकि मुस्लिम किन्नर अपनी नमाज अदा करते हैं।” नाजिम ने जोर देकर कहा कि उन्होंने आज तक किसी भी किन्नर को इस्लाम कबूलने, नमाज पढ़ने या कोई विशेष धार्मिक रीति-रिवाज अपनाने के लिए मजबूर नहीं किया है। उन्होंने पलक द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि पलक को उनके डेरे से कोई दीक्षा नहीं दी गई है। नाजिम ने बताया, “वह तो नजीबाबाद (बिजनौर) में दीक्षा ले चुकी है। मैं उसकी गुरु मां नहीं हूं और वह मेरे पास कभी रही भी नहीं।” नाजिम के अनुसार, पलक अपने क्षेत्र को लेकर चल रहे व्यक्तिगत विवाद के चलते इस तरह के आरोप लगा रही है। हाजी नाजिम ने खुद पर निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि वह दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। नाजिम ने आगे कहा, “अगर हम गलत हैं तो हमें जेल भेज दिया जाए, और यदि पलक गलत है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।” गौरतलब है कि बुधवार सुबह पलक उर्फ़ अविनाश ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी, जिसमें उसने हाजी नाज़िम पर जेंडर चेंज और धर्मांतरण के लिए दबाव डालने के आरोप लगाए थे। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है और अधिकारियों का कहना है कि तथ्य-सत्यापन के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।यह मामला न केवल किन्नर समाज में हलचल पैदा कर रहा है, बल्कि जिले में भी चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है। सभी की निगाहें अब पुलिस की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *