श्रावस्ती जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने सभी थानों को अलर्ट पर रहने, सघन चेकिंग और सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिसके क्रम में बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है। इसी क्रम में, क्षेत्राधिकारी अपराध आलोक कुमार सिंह ने थाना सिरसिया क्षेत्र के अंतर्गत इंडो-नेपाल बॉर्डर सुइया का दौरा किया। उन्होंने वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और एसएसबी (SSB) तथा स्थानीय पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। सिंह ने सीमा पर तैनात कर्मचारियों को एसएसबी के साथ समन्वय स्थापित कर रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से चेकिंग करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, थाना मल्हीपुर पुलिस ने एसएसबी की संयुक्त टीम के साथ इंडो-नेपाल बॉर्डर के रोशनपुरवा और भरथा रोशनगढ़ में पैदल गश्त किया। इस दौरान आने-जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की गई। थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों, स्थानीय साप्ताहिक बाजारों, सार्वजनिक आयोजनों और धार्मिक स्थलों पर भी गश्त की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित की गई। यूपी 112 पीआरवी को निरंतर भ्रमणशील रहने और सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। श्रावस्ती पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या आपातकालीन नंबर डायल 112 पर दें।
श्रावस्ती में इंडो-नेपाल सीमा पर SSB अलर्ट मोड पर:क्षेत्राधिकारी अपराध ने बार्डर का दौरा किया, संदिग्धों की हो रही जांच
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
