इटावा-मैनपुरी रोड पर गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसकी 20 वर्षीय बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा वैदपुरा थाना क्षेत्र में तिरुपति पेट्रोल पंप के पास हुआ। मैनपुरी के ग्राम खुटारा निवासी साहिल यादव (17) अपनी बहन नंदनी (20) को बीएससी की परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से इकदिल जा रहा था। सुबह करीब सात बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर वैदपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस वाहन से ही घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। उसके सिर में गहरी चोट लगी थी और उसने हेलमेट नहीं पहना था। नंदनी के सिर और हाथ में चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है। साहिल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जबकि उसके पिता अहमदाबाद में नौकरी करते हैं।थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है और युवती का इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे का कारण बनी डीसीएम की तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे पीडब्ल्यूडी की अनदेखी के कारण घनी झाड़ियां उग आई हैं। इससे ओवरटेकिंग के दौरान दृश्यता कम हो जाती है, जिसके चलते आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से तुरंत इन झाड़ियों की सफाई कराने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
इटावा में डीसीएम की टक्कर से भाई की मौत:बहन को पेपर दिलाने जा रहा था, युवती घायल, युवक नहीं लगाए था हेलमेट
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
