पत्नी और बेटे ने की थी किसान की हत्या:दूसरे व्यक्ति से संबंध बनाने का दबाव डालता था, घर में करता था मारपीट

📅 Published: November 20, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बाराबंकी में फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरनगर गांव में किसान राजमल यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, राजमल की हत्या उसकी पत्नी सियावती और नाबालिग बेटे ने मिलकर की थी। स्वाट-सर्विलांस टीम और फतेहपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों को अभियुक्त के रूप में पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि 18 नवंबर 2025 को मृतक के बड़े भाई लालजी यादव ने फतेहपुर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि राजमल 17 नवंबर की रात शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा और बाद में उसकी हत्या की जानकारी मिली। इस संबंध में थाना फतेहपुर पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान स्वाट-सर्विलांस टीम और फतेहपुर पुलिस ने घटना की कड़ियां जोड़ीं और 20 नवंबर 2025 को आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने राजमल की पत्नी सियावती (42 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग बेटे को हिरासत में लिया। मामले में धारा बढ़ाई गई। पुलिस की पूछताछ में हत्या की वजह घरेलू कलह सामने आई है। राजमल शराब का आदी था और अक्सर शराब पीकर परिवार के सदस्यों से अभद्रता व मारपीट करता था। आरोप है कि वह अपनी पत्नी सियावती पर दूसरे व्यक्तियों के साथ गलत संबंध बनाने का दबाव भी डालता था। पत्नी और बेटा दोनों उसके इस व्यवहार का विरोध करते थे। 16 नवंबर को भी राजमल ने पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी, जिससे पत्नी और बेटे में गहरा आक्रोश था। 17 नवंबर की रात राजमल नशे की हालत में शौच के लिए खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान सियावती और उसका बेटा उसके पीछे-पीछे खेत में पहुंच गए। अंधेरे का फायदा उठाकर उन्होंने राजमल को धक्का देकर गिरा दिया। बेटे ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए, जबकि सियावती ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। नशे में होने के कारण राजमल कोई प्रतिरोध नहीं कर सका। पुलिस ने बताया कि इस मामले का सफल अनावरण कर लिया गया है और शेष औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *