अयोध्या में चार दिन में बढ़ेगी ठंड:तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, हवा चलने से सर्दी का एहसास

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

अयोध्या में मौसम में लगातार बदलाव देखा जा रहा है, जहां न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई है, हालांकि दिन में हल्की धूप से थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि अगले चार दिनों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और हवाएं सामान्य गति से पश्चिमी दिशा से चलेंगी। मौसम वेधशाला से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अयोध्या में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.0 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 81 प्रतिशत और न्यूनतम 51 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की गति 2.0 किलोमीटर प्रति घंटा और दिशा दक्षिणी-पश्चिमी थी, जबकि वर्षा 0.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। डॉ. मिश्रा ने किसानों को सलाह दी है कि सुबह-शाम की ठंड बढ़ने के कारण खेतों में काम करते समय सावधानी बरतें। उन्होंने यह भी बताया कि मौसम में लगातार बदलाव के कारण लोगों के बीमार पड़ने की खबरें आ रही हैं। गेहूं, मटर और चना की बुवाई के लिए यह मौसम अनुकूल है, इसलिए किसानों को जल्द से जल्द बुवाई पूरी कर लेनी चाहिए। रात में हल्का कोहरा गिरना भी शुरू हो गया है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *