प्रयागराज के मुंडेरा इलाके में एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां कमरे में बुलाने पहुंची तो उसे फंदे पर लटकते देखा। घरवालों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया। उसके बाद बॉडी को नीचे उतारा गया। उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। यह घटना मुंडेरा धूमनगंज की पुष्पम नगर कॉलोनी में रात करीब नौ बजे की है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला आंचल साहू, (17) झलवा स्थित एक कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। उसकी मां निर्मला देवी ने बताया- वह गुरुवार रात में घरवालों को खाना देने के बाद बेटी को देखने उसके कमरे में गईं। उसका दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज न आने पर संदेह हुआ। घर के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे और रोशनदान से झांककर देखा तो आंचल फंदे पर लटकी हुई थी। कई दिनों से गुमसुम रहती थी आंचल के भाई अंकुर उर्फ शैलेष ने बताया कि रात लगभग साढ़े आठ बजे आंचल ने खाना बनाया था। वह नानी को खाना देकर अपने कमरे में चली गई थी। कुछ देर बाद यह घटना सामने आई। वह बीते कुछ दिनों से गुमसुम रहती थी। मां के पूछने पर कुछ नहीं बताती थी। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी थी। उसका परिवार मूल रूप से कौशांबी के सरायअकिल का रहने वाला है, वहां पर पिता जगन्नाथ चाट की दुकान चलाते हैं। सूचना मिलने पर धूमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की है और आत्महत्या के कारणों की जांच में जुट गई है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
प्रयागराज में बीएससी की छात्रा ने लगाई फांसी:भाई बोला- कई दिनों से गुमसुम रहती थी, मौके पर नहीं मिला सुसाइड नोट
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
