बदायूं जिले के मुजरिया थाना क्षेत्र में मिश्रीपुर मुकईया गांव के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बिल्सी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। बिल्सी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायलों में अलीगढ़ जनपद निवासी गौरव और वीरपाल शामिल हैं, जो एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए रामपुर जिले के डकिया गांव जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक से अज्ञात वाहन की टक्कर से अनियंत्रित होकर दूसरी बाइक टकरा गई। दूसरी बाइक पर सवार मटकुली निवासी श्याम पाल भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। बिल्सी सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि श्याम पाल का पेट फट गया है और सिर में भी गहरी चोटें आई हैं। उनकी हालत बेहद गंभीर है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया था। इस घटना की सूचना मुजरिया थाना पुलिस को दे दी गई है, और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से दो बाइक भिड़ीं, 3 घायल:बिल्सी में एक का पेट फटा, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
