अयोध्या परिवहन बेड़े को अधिक सुरक्षित और सक्षम बनाने की दिशा में अयोध्या परिवहन निगम ने अगले वर्ष चार पुरानी बसों को चरणबद्ध तरीके से रिटायर करने का निर्णय लिया है। इसके लिए मार्च और मई महीने में दो-दो बसों की नीलामी प्रस्तावित की गई है। वर्तमान में जिले में निगम की कुल 147 बसें विभिन्न रूटों पर संचालित हो रही हैं। इनमें से कई बसें अपनी तय उम्र और अधिकतम किलोमीटर की सीमा पार कर चुकी हैं। परिवहन नियमों के तहत 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुकी या 11 लाख किलोमीटर चल चुकी बसों को फ्लीट से बाहर करना अनिवार्य है। इसी नियम के तहत चार बसों का रिटायरमेंट तय किया गया है। इसके साथ ही जिले में नौ बसें ऐसी भी मिली हैं जो 9.5 वर्ष की उम्र पार कर चुकी हैं और 12 लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं। इन्हें भी नीलामी प्रक्रिया में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। अनुमान है कि अगले वर्ष के अंत तक करीब एक दर्जन बसें नीलामी के मानकों को पूरा कर लेंगी। पुराने बेड़े को हटाने के साथ ही अयोध्या जिले को नई बसों की सौगात भी मिली है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 60 नई बसें फ्लीट में जोड़ी गई हैं, जिनमें 55 टाटा बीएस-6 मॉडल और 5 आईसर कंपनी की आधुनिक बसें शामिल हैं। नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को अधिक आरामदायक सीटें, बेहतर सस्पेंशन, कम प्रदूषण उत्सर्जन और किफायती संचालन जैसे लाभ मिल रहे हैं। निगम का मानना है कि यह बदलाव सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा।
अयोध्या में पुरानी बसें नीलाम होंगी:12 लाख किमी का सफर तय कर चुकीं हैं, परिवहन निगम का निर्णय
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
