अयोध्या नगर निगम के तत्वावधान में संतों-महंतों की बैठक गुरुवार को संपन्न हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि धर्म ध्वजारोहण की पूर्व संध्या पर 24 नवंबर को सभी मठ-मंदिरों पर भगवा ध्वज फहराया जाएगा। संतों ने कहा कि दीपोत्सव की भांति इस अवसर पर भी प्रकाश कर श्री राम मंदिर की पूर्णता का स्वागत किया जाएगा। संतों ने तय किया कि 23 नवंबर को राम पथ पर पदयात्रा कर प्लास्टिक मुक्त अयोध्या का संदेश दिया जाएगा। लोग स्वच्छता के लिए जागरूक किए जाएंगे। संतों ने इस उत्सव को वर्षा कर भव्यता प्रदान करने का भी संकल्प जताया। महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या ने स्वच्छता में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए अयोध्या धाम को और अधिक स्वच्छ बनाने में संतों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान से धार्मिक और सकारात्मक वातावरण बनता है। नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने बैठक में स्वच्छता अभियान की रूपरेखा रखी। अपर नगर आयुक्त नागेंद्र नाथ ने बैठक का संचालन किया। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि उदासीन आश्रम के महंत भरत दास, हनुमानगढ़ी के महंत बलराम दास, महंत शशिकांत दास, स्वामी छविराम दास, महंत विवेक आचारी, महंत राजीव लोचन शरण, महंत रामप्रकाश दास, करपात्रीजी महाराज, महंत हरिभजन दास, महंत सियाराम शरण, महंत नारायण मिश्र, ज्ञानी चरणजीत सिंह, महंत राघव दास, जनार्दन दास, रामशंकर दास सहित कई संत उपस्थित रहे। बैठक में अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, जोनल अधिकारी अशोक गुप्त आदि भी मौजूद थे। इससे पहले महापौर ने शिक्षाविदों से वीडियो कॉल पर चर्चा की। उन्होंने बच्चों में स्वच्छता के संस्कार विकसित करने पर जोर दिया। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री 25 नवंबर को धर्म ध्वजारोहण कार्यक्रम में अयोध्या आ रहे हैं, इसलिए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नगर आयुक्त ने शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि स्कूलों में प्रतिदिन प्रार्थना के बाद आधा घंटा सफाई कराई जाए। गीले और सूखे कचरे को अलग करने की जानकारी दी जाए और बच्चों को घर तथा स्कूल में प्रतिदिन सफाई का संकल्प भी दिलाया जाए।
अयोध्या में 24 को मठ-मंदिरों पर फहरेगा भगवा ध्वज:ध्वजारोहण से पहले संत-महंतों ने किया स्वच्छता का आह्वान
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
