अयोध्या में राम जन्मभूमि स्थित भव्य राम मंदिर में 25 नवंबर को ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राजधानी लखनऊ में भी विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे। निराला नगर स्थित रामकृष्ण मठ में रविवार को पूरे दिन पूजन, पाठ और आरती का आयोजन किया जाएगा। रामकृष्ण मठ, लखनऊ के अध्यक्ष स्वामी मुक्तिनाथानन्द जी महाराज ने बताया कि राम मंदिर का यह ध्वजारोहण केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राजधानी के श्रद्धालु भी इस महापर्व का हिस्सा बन सकें, इसके लिए मठ में सुबह से शाम तक विशेष कार्यक्रम रखे गए हैं। 11 बार राम सहस्त्रनाम का पाठ किया जाएगा मठ में 25 नवंबर को सुबह 7 बजे पूजन से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जो सुबह 8:30 बजे समाप्त होगा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक 11 बार राम सहस्त्रनाम का पाठ किया जाएगा। इस पाठ में लखनऊ की 10 वर्षीय बालिका आर्यमा शुक्ला बिना लिपि देखे सहभागिता करेगी, जबकि मठ के स्वामीगण और अन्य श्रद्धालु लिपि देखकर पाठ करेंगे। हनुमान सहस्त्रनाम का तीन बार पाठ होगा संध्याकालीन सत्र में शाम 5:50 बजे से 6:30 बजे तक भगवान श्री रामकृष्ण की संध्या आरती की जाएगी। आरती के बाद हनुमान सहस्त्रनाम का तीन बार पाठ होगा, जिसे पुनः बालिका आर्यमा शुक्ला प्रस्तुत करेंगी। श्रद्धालु भी इस पाठ में शामिल हो सकेंगे।कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। स्वामी मुक्तिनाथानन्द ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भक्तों को श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करने और जीवन में सकारात्मकता, शांति तथा सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है।
अयोध्या राम मंदिर में 25 नवंबर को ध्वजारोहण:लखनऊ में रामकृष्ण मठ में विशेष पूजन और पाठ
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
