आगरा दीवानी में भाकियू नेता पर हमला:चैंबर में बंद कर लाठी-डंडों से पीटा, दोपहर में भी हुआ था विवाद

📅 Published: November 20, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

आगरा के दीवानी में वकीलों के विवाद के बाद गुरुवार शाम को परिचित के साथ तारीख पर आए किसान नेता पर वकील ने हमला बोल दिया। आरोप है कि किसान नेता व उसके भाई को कमरे में बंद कर बुरी तरह से पीटा गया। हथियार भी लहराए गए। घटना के बाद दीवानी में कई थानों का फोर्स पहुंच गया। पीडित की ओर से आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। दीवानी में लगातार हो रहे विवाद से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन भानू के युवा प्रदेश अध्यक्ष पवन समाधिया ने बताया कि गुरुवार दोपहर को वो अपनी रिश्ते की बहन पूजा के साथ न्यायालय में तारीख पर आए थे। पूजा का तलाक, भरण पोषण का केस विकास पचौरी से चल रहा है। वर्तमान में विकास दीवानी न्यायालय में अधिवक्ता के चैंबर में बैठता है। विकास ने दो दिन पहले भी पूजा के साथ मारपीट व अभद्रता की थी। बहन का केस लड़ रहे अधिवक्ताओं के साथ भी मारपीट की। गुरुवार को भी वो वकीलों के साथ मारपीट कर चुका था। दोपहर करीब तीन बजे सभी लोगों को दीवानी परिसर से बाहर निकाल जा रहा था। ऐसे में वो एक दूसरे वकील के चैंबर में बैठे थे। तभी विकास पचौरी अपने 10-15 साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर आया। चैंबर बंद कर डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसके पास तमंचा व फरसा भी था। विकास ने करीब 5 मिनट तक बुरी तरह से मारपीट की। मारपीट की सूचना पर दीवानी में फिर से हल्ला मच गया। पीड़ित का कहना है कि जान से मारने की नियत से हमला किया गया। उनके काफी चोट आई है। पुलिस कमिश्नर की मीटिंग थी
जिस समय ये मामला हुआ उसके कुछ देर बाद पुलिस कमिश्नर की जिला जज की अध्यक्षता में मानीटरिंग सेल की मीटिंग थी। पुलिस आयुक्त के पहुंचने पर वकीलों को लगा कि वो मारपीट के मामले को लेकर आए हैं। थोड़ी देर में कई थानों का फोर्स और पीएसी भी पहुंच गई। पुलिस ने शाम 5 बजे के बाद परिसर को खाली कराया।
दोपहर में बरामद किए थे डंडे और सरिया
इस घटना से पहले आरोपी वकीलों पर पूजा शर्मा के केस की पैरवी कर रहे वकील के चैंबर पर हमला करने का आरोप लगा था। उस समय भी दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले थे। इस घटना के बाद भी पुलिस फोर्स पहुंचा था। कई वकीलों के चैंबर चेक किए गए थे। वहां से लाठी-डंडे व सरिया भी बरामद हुई थी। इसके एक से दो घंटे बाद ही दीवानी में फिर से विवाद हो गया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *