आगरा दीवानी में वकीलों को दो गुटों के बीच में तीन दिन से मारपीट चल रही है। दोनों पक्षों एक-दूसरे पर हमला करने का आरोप लगा रहे हैं। गुरुवार को तो दो बार मारपीट हुई। वकीलों के चैंबर से लाठी-डंडे बरामद हुए। अवैध हथियार लहराने के भी आरोप लग रहे थे। इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खडे़ हो रहे थे। इन मामलों के बाद सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें वकीलों की भी चेकिंग के आदेश दिए गए। आगरा दीवानी में 17 नवंबर से लगातार वकीलों के गुट के बीच में मारपीट हो रही है। गुरुवार को दो बार बवाल हुआ। सुबह वकीलों के गुट फिर से भिड़ गए। इसके बाद दोपहर में सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा को लेकर कई निर्णय लिए गए। प्रभारी सुरक्षा अधिकारी व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुष्कर उपाध्याय ने बताया कि 21 नवंबर से न्यायालय परिसर में आने वाले हर व्यक्ति जिसमें अधिवक्ता, वादकारियों की पुलिस द्वारा गहन जांच की जाएगी। कोई भी न्यायालय परिसर में शस्त्र लेकर प्रवेश न कर सके। इसके अलावा बिना पहचान पत्र के न्यायालय परिसर में प्रवेश वर्जित होगा। सुरक्षा जांच को लेकर सभी बार एसोसिएशन को अवगत करा दिया गया है।
आगरा दीवानी में सुरक्षा होगी कड़ी:वकीलों को भी जांच के बाद मिलेगा प्रवेश, कोई भी शस्त्र नहीं ले जा सकेगा
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
