आगरा में सांड़ों ने मजदूर को सींग से उठाकर पटका:कई बार पैरों से रौंदा, इलाज के दौरान हुई मौत

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

आगरा में आवारा सांडों के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के प्रकाश नगर में दो सांडों की लड़ाई में एक अधेड़ को बेरहमी से उठाकर पटक दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान मजदूर ने दम तोड़ दिया।
गोगा जी इंटर कॉलेज के पास गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे दो सांड आपस में लड़ रहे थे। इसी दौरान फैक्ट्री में मजदूरी करने वाले राजू निषाद (50) वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने साइड से निकलने की कोशिश की, तभी एक सांड अचानक बेकाबू होकर उन पर टूट पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सांड ने राजू को लगातार तीन बार हवा में उछालकर पटक दिया। इसके बाद भी दोनों सांड आपस में भिड़ते रहे और अधेड़ उनके पैरों तले रौंदते रहे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। दुकानदारों और राहगीरों ने लाठियों से सांडों को दूर भगाया, लेकिन तब तक राजू गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। उन्हें लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शाम करीब छह बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पत्नी का पहले हो चुका है निधन
राजू की पत्नी उर्मिला का आठ साल पहले बीमारी से निधन हो चुका था। घर पर दो बेटे बबलू और संजय हैं, जो मिस्त्री का काम करते हैं। बेटे बबलू ने बताया कि क्षेत्र में आवारा सांडों का आतंक महीनों से जारी है, लेकिन नगर निगम शिकायतों के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा। अगर समय पर आवारा पशुओं को पकड़ा जाता तो पिता जिंदा होते। इधर, घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि प्रकाश नगर और आसपास के इलाकों में आए दिन सांडों की वजह से हादसे हो रहे हैं, लेकिन निगम का पशु पकड़ने वाला दस्ता नदारद रहता है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *