आजमगढ़ के थाना फूलपुर क्षेत्र में देर रात पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 26 मुकदमों के आरोपी गोतस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली से हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद इब्राहिम घायल हो गया। जबकि उसका साथी अनीस को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी 3 गोवंश को अवैध रूप से बिना नंबर की पिकअप गाड़ी में लादकर बिहार वध के लिए ले जा रहे थे। इसी क्रम में फूलपुर थाने की पुलिस को मामले की सूचना मिली थी। जिसके आधार पर घेराबंदी करके दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ आजमगढ़ जिले के फूलपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि खानजहाँपुर स्थित श्रीपति यादव इंटर कॉलेज के पास कुछ पशु तस्कर गोवंश लादकर बिहार जा रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। मामले की सूचना पर थानाध्यक्ष सच्चिदानंद यादव और चौकी प्रभारी अम्बारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई कंट्रोल फायरिंग में मुख्य आरोपी मोहम्मद इब्राहिम निवासी मुडियार थाना फूलपुर को दाहिने पैर में गोली लगी। वह मौके पर गिर पड़ा। दूसरा आरोपी अनीस निवासी विश्रामपुर, थाना बेवाना, जिला अम्बेडकरनगर भागते समय पकड़ा गया। घायल इब्राहिम को तत्काल CHC फूलपुर और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मौके से 3 जीवित प्रतिबंधित गोवंश, 2 अवैध देशी तमंचे, 6 कारतूस, बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो पिकअप, नायलॉन की रस्सियाँ व अन्य सामान बरामद किये गये हैं। आरोपी पर दर्ज है 26 गंभीर आपराधिक मुकदमे इस बारे में जिले के एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मोहम्मद इब्राहिम के विरुद्ध जिले के थाना फूलपुर सहित निजामाबाद, सरायमीर, अहरौला, कंधरापुर तथा जनपद सुल्तानपुर में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, लूट, डकैती, मारपीट समेत कुल 26 मुकदमे दर्ज हैं। जबकि दूसरा आरोपी अनीस के खिलाफ भी 3 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, बीएनएस की विभिन्न धाराएँ तथा आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किये हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि इन पर गैंगस्टर तथा 14(1) एक्ट के तहत अवैध संपत्ति जपतिकरण की भी कार्रवाई की जायेगी।
आजमगढ़ में 26 मुकदमों का आरोपी गोतस्कर मुठभेड़ में गिरफ्तार:पिकअप पर गोवंश लादकर बिहार वध के लिए ले जा रहे थे आरोपी, जब्त की जाएगी संपत्ति
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
