रामपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म ख़ान से जुड़े चर्चित यतीमखाना प्रकरण में अदालत में गवाही की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब मामला निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। एमपी-एमएलए सेशन ट्रायल कोर्ट ने अंतिम बहस के लिए 5 दिसंबर की तारीख तय कर दी है। मामला थाना सदर क्षेत्र स्थित यतीमखाना बस्ती का है। आरोप है कि साल 2016 में तत्कालीन सपा सरकार में आज़म ख़ान के इशारे पर उनके समर्थकों ने पुलिस बल के साथ मिलकर बस्ती को जबरन खाली कराया था। इस दौरान कई लोगों ने घरों में घुसकर मारपीट, महिलाओं से छेड़छाड़, और रुपये-जेवरात व मवेशी (भैंस-बकरियां) लूट ले जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इन घटनाओं को लेकर शहर कोतवाली में कुल 12 लोगों ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए थे। पहले सभी की सुनवाई अलग-अलग चल रही थी, लेकिन बाद में अदालत के आदेश पर इन्हें एक साथ जोड़कर ट्रायल चलाया गया। इन मुकदमों में आज़म ख़ान के अलावा रिटायर्ड सीओ आले हसन खान, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, इस्लाम ठेकेदार सहित कई लोग नामजद हैं। अब जब अभियोजन और बचाव पक्ष दोनों की गवाही पूरी हो चुकी है, कोर्ट अंतिम बहस सुनने के बाद फैसला सुरक्षित करने की दिशा में बढ़ेगा।
आजम खान के यतीमखाना प्रकरण में गवाही पूरी:अंतिम बहस के लिए 5 दिसंबर की तारीख तय
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
