इटावा में शव ले जा रही एंबुलेंस पलटी:मृतका के पति, मामी-सास समेत तीन घायल; चालक को झपकी आने से हुआ हादसा

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे-19 पर ग्राम मनियांमऊ के सामने शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से शव लेकर झारखंड जा रही एक प्राइवेट एम्बुलेंस चालक को झपकी आने पर वाहन डिवाइडर से टकराकर बेकाबू हो गया और पलट गया। हादसे में मृतका के पति, ननद समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि मृतका का बेटा और दो अन्य लोग मौत से बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एम्बुलेंस में फंसे घायल और परिवार के लोगों की चीख–पुकार सुनकर राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने एम्बुलेंस का शीशा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने भी ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कराया और 108 एम्बुलेंस से घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने पर सभी को आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया गया। टाटा नगर, झारखंड निवासी अविनाश पांडे ने बताया कि उनकी मां का काफी समय से दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था। गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिवार अंतिम संस्कार के लिए मां का शव लेकर प्राइवेट एम्बुलेंस से दिल्ली से झारखंड जा रहा था। एम्बुलेंस में उनके पिता उमाकांत पांडे, भाई विकास, मामा और मामी साथ में थे। अविनाश के मुताबिक, पूरी रात सफर करने के चलते सुबह करीब 7 बजे जैसे ही एम्बुलेंस मानियांमऊ के पास पहुंची, तभी चालक को झपकी आने से वाहन डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। हादसे में पिता उमाकांत पांडे, मामी और सास गंभीर रूप से घायल हो गईं। छोटा भाई विकास और चालक हादसे में सुरक्षित बच गए। एक ओर मां की मौत का मातम था, वहीं दूसरी ओर अंतिम यात्रा के सफर में परिवार पर एक और दर्दनाक हादसा टूट पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हाईवे पर पड़ी पलटी एम्बुलेंस को सीधा करवाया और रास्ता साफ कर यातायात सुचारू कराया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *