इनकम टैक्स टीम इटावा को-ऑपरेटिव बैंक पहुंची:जांच पड़ताल जारी, बैंक में 102 करोड़ का हो चुका है गबन

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

जिला मुख्यालय स्थित इटावा डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में शुक्रवार दोपहर इनकम टैक्स विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी कर जांच शुरू कर दी। करीब 12 बजे लखनऊ और प्रयागराज नंबर की सरकारी गाड़ियों से पहुंची टीम को देखकर बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत सुरक्षा बढ़ाई गई और प्रवेश-निकलने पर रोक लगा दी गई। बैंक आने-जाने वालों को बाहर ही रोक दिया गया। जानकारी के अनुसार टीम बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर रिकॉर्ड, खातों के लेनदेन और पुराने वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही है। जांच किन बिंदुओं पर की जा रही है, इस पर अधिकारियों ने कोई आधिकारिक बयान देने से इंकार कर दिया। गौरतलब है कि इसी बैंक में 102 करोड़ रुपये के गबन का मामला सामने आ चुका है, जिसमें कई बैंक कर्मियों की गिरफ्तारी और निलंबन हो चुका है। मामले की जांच लंबे समय से चल रही है और अब इनकम टैक्स की कार्रवाई ने इसकी गंभीरता और बढ़ा दी है। बैंक के बाहर पुलिस बल तैनात है और अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक में तनाव और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। कई कर्मचारी जांच टीम के सवालों के जवाब देते नजर आए, जबकि कुछ रिकॉर्ड कब्जे में लेने की प्रक्रिया भी देखी गई। टीम बैंक में कितने समय तक मौजूद रहेगी और आगे जांच किस दिशा में बढ़ेगी, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पूछे जाने पर टीम के एक सदस्य ने साफ कहा, हम किसी भी जानकारी को मीडिया से साझा करने के लिए बाध्य नहीं हैं। फिलहाल बैंक परिसर में चुप्पी और अंदर जांच की तेज हलचल का माहौल है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *