स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर तैयारी और तेज हो गई है। भारतीय चुनाव आयोग (ईसी) जल्द ही वोटर लिस्ट राज्य चुनाव आयोग के पास भेजेगा। राज्य चुनाव आयोग ने भारतीय चुनाव आयोग को वोटर लिस्ट उपलब्ध कराने की मांग की थी, सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग ने मांग स्वीकार कर ली है और जल्द ही चुनाव आयोग की ओर से वोटर लिस्ट राज्य चुनाव आयोग को सौंप दी जाएगी। इसके बाद वोटर लिस्ट पर आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियां दूर करने के बाद चुनावों की तारीखों का ऐलान होगा। बहुत संभव है कि यह फरवरी के अंत तक तारीख तय हो सकती है। चुनाव अप्रैल में ही संभव होंगे। नगर निगम सोनीपत, पंचकूला और अम्बाला के अलावा रेवाड़ी नगर पालिका और कुछ नगर पालिकाओं के चुनाव होने हैं। कुछ जगह उप चुनाव भी कराए जाने हैं, जिसको लेकर राज्य चुनाव आयोग तैयारी में जुटा हुआ है। ईवीएम से होने वाले चुनावों को लेकर भी कई बैठकें हो चुकी हैं। अब केवल वोटर लिस्ट का इंतजार है। राज्य चुनाव आयोग भी इन चुनावों को लेकर तैयारियों में जुटा है। इसमें कितने बूथ होंगे, कितने मतदान कर्मियों या सुरक्षा कर्मियों की जरुरत होगी। कितनी ईवीएम की जरुरत होगी। यही नहीं आमजन को चुनावों के प्रति आकर्षण बढ़ाने के लिए भी योजना तैयार की जा रही है। राज्य चुनाव आयोग देवेंद्र कल्याण ने इस बाबत हाल ही में कर्मचारियों के साथ बैठकें की हैं। राज्य चुनाव आयुक्त देवेंद्र कल्याण का कहना है कि चुनावों की तैयारी चल रही है। मतदाता सूची का इंतजार है, इसके बाद सप्ताहभर प्रक्रिया में लगेगा। भाजपा: प्रभारी और जिलाध्यक्षों की बैठक में तय करेंगे रणनीति भारतीय जनता पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर 12 फरवरी को रोहतक में पार्टी की बैठक बुलाई है। इस बैठक में सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारियों के अलावा स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े मंत्री और पदाधिकारी शिरकत करेंगे। अब तक चुनावों को लेकर हुई तैयारियों का जायजा लिया जाएगा। पार्टी के पास जो भी नाम आए हैं, उन नामों पर मंथन होगा। चुनावों को लेकर आगामी रणनीति भी तैयार की जाएगी। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के अलावा अन्य दिग्गज नेता शिरकत करेंगे। इनेलो: सिंबल पर चुनाव लड़ेगी इंडियन नेशनल लोकदल की ओर से पहले ही एलान कर दिया गया है कि सिंबल पर चुनाव लड़े जाएंगे। वहीं आम आदमी पार्टी भी स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी है। पार्टी की ओर से चुनाव लड़ जाएगा। जेजेपी भी इन चुनावों को लेकर बैठक कर चुकी है और रणनीति बनाई जा रही है। कांग्रेस: जल्द करेगी नामों पर मंथन कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का कहना है कि पार्टी ने पांच फरवरी तक उन नेताओं की सूची मांगी थी जो मेयर या अन्य चुनाव लड़ना चाहते हैं। इन नामों पर मंथन किया जाएगा। पार्टी के नेताओं के साथ भी नामों को लेकर मंथन होगा, ताकि सबकी सहमति से प्रत्याशी का चयन हो, उसके बाद ही नाम फाइनल किए जाएंगे। इस बाबत पार्टी हाईकमान को भी अवगत कराया जाएगा।
ईसी जल्द भेजेगा राज्य चुनाव आयोग को वोटर लिस्ट, इसके बाद शुरू होगी प्रक्रिया
📅 Published: February 8, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
