उन्नाव में चलती कार में लगी आग, VIDEO:चालक ने कूदकर बचाई जान, शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक चलती कार में अचानक आग लग गई। पीडी नगर स्थित भव्य शिखा के पास हुई इस घटना में कार चालक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार उन्नाव शहर से पीडी नगर की ओर जा रही थी। भव्य शिखा के पास पहुंचते ही वाहन के इंजन से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, कार के बोनट में आग लग गई और लपटें तेजी से फैलने लगीं। चालक ने तुरंत चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। अग्निशमन यंत्र उपलब्ध न होने के कारण लोगों ने घरों और दुकानों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। कई मिनट की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। इस घटना के कारण कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी के कारण लगी होगी। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और कार मालिक से भी जानकारी ली जा रही है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *