उन्नाव में मतदाता लिस्ट सुधार अभियान की समीक्षा:डीएम ने कहा 99% SIR फॉर्म वितरण हुए, लापरवाही हुई तो कार्यवाही होगी

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

उन्नाव। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की प्रगति और पारदर्शिता की समीक्षा के लिए किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने तैनात कर्मचारियों से अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है। इसके लिए पूरे जनपद में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक लगभग 99 प्रतिशत मतदाताओं को फॉर्म उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जबकि शेष एक प्रतिशत लोगों को जल्द ही फॉर्म दिए जाएंगे। डीएम राठी ने बताया कि वर्तमान में जनपद में 23 लाख 25 हजार मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से लगभग 13 प्रतिशत मतदाताओं से भरे हुए प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं। सभी फॉर्म एकत्र होने के बाद उनका विवरण भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि प्रत्येक तहसील में शिकायत और सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां मतदाता आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। डीएम ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने विवरण को ध्यानपूर्वक भरकर समय पर बीएलओ को सौंपें, ताकि किसी भी मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए। उन्होंने जोर दिया कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और अद्यतन बनाई जाए, जिससे आगामी चुनावों में किसी प्रकार की समस्या न हो। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में उन्नाव जनपद का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। जिले में अब तक 50 प्रतिशत मतदाताओं की ऑनलाइन मैपिंग और 70 प्रतिशत की फिजिकल मैपिंग पूरी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूचियों का मिलान भी सफलतापूर्वक किया जा चुका है, जिससे सूची में सुधार की प्रक्रिया और अधिक सटीक हुई है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *