उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र में लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर रविवार तड़के एक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। सुबह करीब आठ बजे राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, क्योंकि उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं था। पुलिस ने शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की, जिसके लगभग दो घंटे बाद युवक की शिनाख्त हुई और उसके परिजनों को सूचना दी गई। मृतक की पहचान हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर बकिया गांव निवासी 20 वर्षीय राहुल पुत्र घूरू प्रसाद के रूप में हुई। राहुल रविवार तड़के करीब तीन बजे अपने बड़े भाई नीरज के साथ आसीवन क्षेत्र के कनीगांव जा रहा था। बताया गया कि कनीगांव में उसके ससुराल पक्ष में किसी विवाद की जानकारी मिलने पर दोनों भाई घर से निकले थे। रास्ते में दुबे गढ़ी मोड़ के पास पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने राहुल की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि उसका भाई नीरज कुछ दूरी पर पीछे था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। राहुल अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई नीरज और बहन रेखा का विवाह हो चुका है। परिवार के अनुसार राहुल लखनऊ में रहकर इलेक्ट्रॉनिक बोर्ड बनाने का काम करता था। अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है तथा घटना की जांच जारी है।
उन्नाव में सड़क हादसे में युवक की मौत:ससुराल जाते समय वाहन ने मारी टक्कर, 2 घंटे बाद सोशल मीडिया से हुई पहचान
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
