उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र के मदारपुर कैलई गांव में आजाद सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपियों के घरों पर दबिश देकर कुल सात लाइसेंसी असलहे बरामद किए हैं। इनमें से कई हथियार आरोपियों ने अपनी पत्नियों के नाम पर बनवा रखे थे, ताकि हथियारों की अधिक संख्या पर संदेह न हो। पुलिस ने जांच के बाद तीन लाइसेंस रद्द करने की रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को भेज दी है। शेष असलहों की जांच जारी है और इसमें और अनियमितताएं सामने आने की संभावना है। रंजिश के चलते चलाई थी 15 राउंड गोलियां मामला तब सुर्खियों में आया जब कुछ दिन पहले गांव में हुई रंजिश के चलते गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना वाले दिन लगभग 15 राउंड गोलियां चलाई गई थीं, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई थी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग बाल-बाल बचे थे। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूसों के खोखे, खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए थे। महिलाओं के नाम पर बनवाए थे कई लाइसेंस
हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपियों ने न केवल अपने नाम पर, बल्कि अपनी पत्नियों और अन्य रिश्तेदार महिलाओं के नाम पर भी हथियारों के लाइसेंस बनवा रखे थे। पुलिस को संदेह है कि इन असलहों का इस्तेमाल भी आरोपी पुरुष ही करते थे। अब लाइसेंस जारी होने की प्रक्रिया, सत्यापन और असलहाधारकों के व्यवहार की जानकारी की भी दोबारा जांच की जा रही है। असलहों को रद्द करने की सिफारिश पुलिस ने की
आसीवन थाने की रिपोर्ट के आधार पर, पुलिस ने तीन असलहों को संदिग्ध उपयोग और नियम उल्लंघन के चलते रद्द करने की सिफारिश की है। यह रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी जा चुकी है। जिलाधिकारी स्तर पर जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी असलहे का दुरुपयोग साबित होता है, तो उसके लाइसेंस धारकों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने संबंधित अभियुक्तों पर दबाव बढ़ाते हुए उनकी गतिविधियों की निगरानी तेज कर दी है। गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों के पास इतने असलहे देखकर गांव में दहशत का माहौल है।
उन्नाव हत्याकांड में आरोपियों के घर से 7 असलहे बरामद:पत्नियों के नाम पर बनवाए थे कई लाइसेंस, 3 को रद्द करने की सिफारिश
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
