एटा जिले के सकीट थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती से दुष्कर्म और हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गांव के ही आरोपी मनोज पुत्र हाकिम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी को औंछा रोड, भगवंतपुर से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। उसके पास से मृतका की घड़ी भी बरामद की गई है। बुधवार देर शाम युवती का अर्द्धनग्न शव अपने घर से करीब 100 मीटर दूर सरसों के खेत के पास एक नाले में मिला था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड तथा फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। साक्ष्य संकलित कर पुलिस ने जांच शुरू की। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एटा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने तत्काल स्वाट, सर्विलांस सहित पांच टीमें गठित कीं। इन टीमों ने मुखबिरों का जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार किया और घटना का खुलासा किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी मनोज ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसने बताया कि युवती गोबर डालने आई थी, तब वह उसे लकड़ी की गठरी उठाने के बहाने गांव के बाहर सरसों के खेत की ओर ले गया। वहां उसने युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। जब युवती चीखी-चिल्लाई तो उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खींचकर नाले में फेंक दिया। इस दौरान युवती की घड़ी टूटकर वहीं गिर गई थी। इस मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष सकीट राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक रमेश सिंह, आरक्षी रामेश्वर सिंह, आरक्षी निखिल भाटी और आरक्षी संजय कुमार शामिल रहे। एसएसपी एटा श्याम नारायण सिंह ने इस टीम को 20 हजार रुपए का नकद इनाम देकर सम्मानित किया है।
एटा में युवती से दुष्कर्म-हत्या का खुलासा:गांव का ही निकला हत्यारा, लकड़ी का गट्ठर उठाने के बहाने खेत में ले गया था; गिरफ्तार
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
