एमिटी यूनिवर्सिटी लखनऊ परिसर स्थित एमिटी लॉ स्कूल का सोमवार को दो दिवसीय वार्षिक 5वां लेक्स कार्निवाल ‘ज्यूरिस ट्रैक–2026’ शुरू हो गया हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एसपी सुरक्षा लखनऊ, आईपीएस अनिल कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर एमिटी यूनिवर्सिटी लखनऊ के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. अनिल वशिष्ठ, एमिटी लॉ स्कूल के निदेशक प्रो. तपन चंडोला, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे। प्रो-वाइस चांसलर प्रो. अनिल वशिष्ठ ने मुख्य अतिथि आईपीएस अनिल कुमार सिंह को सम्मानित किया। ऐसे आयोजनों से छात्रों को कानूनी ज्ञान मिलता है इस मौके पर निदेशक प्रो. तपन चंडोला ने लेक्स कार्निवाल के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कक्षा में दी जाने वाली शिक्षा और वास्तविक विधि-व्यवसाय के बीच एक मजबूत सेतु का काम करता है। ऐसे आयोजनों से छात्रों को कानूनी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव और आत्मविश्वास भी मिलता है। मुख्य अतिथि आईपीएस अनिल कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधि के क्षेत्र में सफलता और आर्थिक प्रगति के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित, कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के लिए काम करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने भावी अधिवक्ताओं से न्याय के प्रति संवेदनशील रहने और अपने सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कई रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रहीं एमिटी लॉ स्कूल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला यह कार्निवाल अपने पांचवें संस्करण में है। यह आयोजन शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति का भी मंच प्रदान करता है। दो दिवसीय इस कार्निवाल में विद्यार्थियों के लिए कई रोचक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं में ‘हिट द बज’ लीगल क्विज, जजमेंट राइटिंग प्रतियोगिता, लीगल मैक्सिम बी, स्किट प्रतियोगिता और ‘नो योर रोल’ टैलेंट हंट जैसी गतिविधियां शामिल हैं। इन आयोजनों के माध्यम से छात्र अपनी कानूनी समझ, रचनात्मकता और बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
एमिटी लॉ स्कूल में 'ज्यूरिस ट्रैक-2026' कार्निवाल शुरू:दो दिवसीय 5वें लेक्स कार्निवाल का एसपी सुरक्षा ने किया उद्घाटन
📅 Published: February 9, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
