पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने देर रात भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र की देवीपुर चौकी और मलासा रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। चौकी के निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के रखरखाव, ड्यूटी रोस्टर, अपराध नियंत्रण के तहत की जा रही कार्रवाई और बीट सूचना प्रणाली की गहनता से जांच की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को सक्रियता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, चौकी क्षेत्र में रात्रि ड्यूटी और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। इसके बाद, मलासा रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान, पांडे ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट घर और आसपास के संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की चेकिंग, एंटी रोमियो सुरक्षा डायल 112 टीम की सक्रियता और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क पेट्रोलिंग के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने स्टेशन पर मौजूद पुलिस बल को यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और हर स्थिति में सहयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने, महिलाओं और कमजोर वर्ग के लोगों को विशेष सुरक्षा प्रदान करने तथा किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
एसपी ने पुलिस चौकी और रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण:कानून व्यवस्था, सुरक्षा और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
