कानपुर देहात में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को ‘ऑपरेशन मुक्ति’ अभियान चलाया। इस दौरान पुखरायां नगरपालिका क्षेत्र में छापेमारी कर छह बाल मजदूरों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया। डीएम कपिल सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रोबेशन अधिकारी और सहायक श्रमायुक्त की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने यश गारमेंट्स, चांद गारमेंट्स, अंकित क्लाथ हाउस और विजय कृषि यंत्र रिपेयर्स एंड बोरिंग मशीन पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान मुक्त कराए गए बाल मजदूरों के संबंध में बाल श्रम अधिनियम के तहत कानूनी कार्यवाही की गई। टीम के सदस्यों ने लोगों को बाल श्रम के दुष्परिणामों और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी जागरूक किया। इस अभियान में श्रम प्रवर्तन अधिकारी अरविंद सोनकर, जिला बाल संरक्षण इकाई अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ओझा और चाइल्ड हेल्प लाइन परियोजना समन्वयक रिचा तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ऑपरेशन मुक्ति में 6 बाल मजदूर मुक्त:पुखरायां में छापेमारी, 4 प्रतिष्ठानों पर कानूनी कार्रवाई
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
