अलीगढ़ के खैर क्षेत्र में गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे दिल्ली से एटा लौट रहे कपड़ा व्यवसायी अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी। जिससे व्यवसायी अजय शर्मा को गोली उनके कंधे के पास लगी। जिसके बाद उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। व्यवसायी अजय शर्मा अपनी अर्टिगा कार से दिल्ली से एटा लौट रहे थे। खैर के पास, एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार पांच अज्ञात हमलावरों ने उन्हें ओवरटेक कर कार रोकने की कोशिश की। अजय शर्मा ने कार नहीं रोकी, तो हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली कार की खिड़की को चीरते हुए अजय शर्मा को लगी और वह घायल हो गए। गोली लगने के बावजूद अजय शर्मा ने होश खोए बिना अपनी कार तेजी से आगे बढ़ाई और किसी तरह बचकर निकल आए। एटा पहुंचने पर परिजनों ने उन्हें वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आगरा के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। अजय शर्मा ने बताया कि वह कपड़े के कारोबार के सिलसिले में दिल्ली गए थे। वापसी में खैर के पास स्विफ्ट डिजायर कार में पांच युवक उनकी गाड़ी को रोकने की कोशिश कर रहे थे। कार नहीं रोकने पर हमलावरों ने गोली चला दी। थाना कोतवाली नगर प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हमलावरों का सुराग लगाकर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
कपड़ा व्यवसायी को बदमाशों ने मारी गोली:कंधे में गोली लगने से हालत गंभीर, दिल्ली से लौटते समय हमला
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
