मैनपुरी पुलिस ने करहल थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 74 सुन्दरी प्रजाति (इंडियन फ्लैपशेल टर्टल) के कछुओं की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर की भोर करीब 2:20 बजे उपनिरीक्षक सतीश कुमार अपनी टीम के साथ दुमिला बॉर्डर पर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इटावा की ओर से एक स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर UK 04 TB 4942) करहल की तरफ आ रही है, जिसमें कछुए भरे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल वन विभाग को सूचित किया। क्षेत्रीय वन अधिकारी विवेकानंद दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार को रोककर तलाशी ली, तो उसकी डिग्गी से 74 जीवित कछुए बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर कार में सवार दोनों तस्करों, ज्ञानेन्द्र गंगवार (23) और अर्श पठानिया (21) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी बरेली जनपद के निवासी हैं। उनके खिलाफ थाना करहल में वन अधिनियम 1927 की धारा 52(क) और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ज्ञानेन्द्र गंगवार का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अर्श पठानिया के खिलाफ यह पहला मामला बताया गया है। गिरफ्तारी करने वाली संयुक्त टीम में प्रभारी निरीक्षक कैलाश बाबू, क्षेत्रीय वन अधिकारी विवेकानंद दुबे, सेक्शन अधिकारी शिवम पाठक, उपनिरीक्षक सतीश कुमार, वन दरोगा राजेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल नदीम खान, हेड कॉन्स्टेबल पुष्पेंद्र सिंह, कांस्टेबल आशीष तेवतिया और वन रक्षक वहोरन सिंह शामिल थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच का विषय है कि इन कछुओं की आपूर्ति कहां की जा रही थी और इस तस्करी के पीछे कौन सा बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
करहल में 74 कछुओं के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:स्विफ्ट डिजायर कार जब्त, वन्यजीव अधिनियम के तहत केस दर्ज
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
