दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद कानपुर में मामले की जांच कर रही एसआईटी लगातार अपनी कार्रवाई तेज करती जा रही है। शुरुआती दिनों में जांच केवल मेडिकल कॉलेज और कार्डियोलॉजी अस्पताल तक सीमित थी, लेकिन अब टीम इसका दायरा बढ़ाते हुए शहर के कई निजी क्लीनिक और डॉक्टरों तक भी पहुंच गई है। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान ऐसे कई नाम सामने आए हैं जिनका सीधा या परोक्ष रूप से डॉ. शाहीन सईद और डॉ. आरिफ से संपर्क होने की आशंका है। इसी के बाद एसआईटी ने यह तय किया है कि किसी भी संभावित संबंध को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। मेडिकल सेंटरों की गतिविधियों की हो रही पड़ताल सूत्र बताते हैं कि एसआईटी ने बीते कुछ दिनों में कई निजी डॉक्टरों और मेडिकल सेंटरों की गतिविधियों की बारीकी से पड़ताल की है। टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस पूरे नेटवर्क में केवल सरकारी संस्थानों के कर्मचारी और डॉक्टर शामिल थे, या प्राइवेट सेक्टर में भी कहीं लिंक जुड़े हुए हैं। बाहरी डॉक्टरों की भूमिका की पड़ताल बताया जा रहा है कि एसआईटी के पास कई ऐसे इनपुट आए हैं, जिनके आधार पर बाहरी डॉक्टरों की भूमिका की पड़ताल जरूरी हो गई है। बताया जा रहा है कि कुछ प्राइवेट डॉक्टरों से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू भी हो सकती है, जबकि अन्य के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। यदि जांच में पुष्टि होती है तो यह मामला केवल सरकारी हेल्थ सेक्टर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कानपुर के निजी मेडिकल कारोबार से जुड़े कई नाम भी दायरे में आ सकते हैं। फिलहाल टीम उन सभी संभावित संपर्कों की शृंखला जोड़ने में लगी है, जिससे पूरे नेटवर्क की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सके। आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाइयों और पूछताछ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
कानपुर में एसआईटी की जांच का दायरा और बढ़ा:अब प्राइवेट क्लीनिक के डॉक्टर भी जांच के दायरे में, बाहरी डॉक्टरों की भूमिका की पड़ताल शुरू
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
