कार की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिरा:मोहम्मदाबाद में पीछे से आए ट्रक ने रौंदा, मौके पर हुई मौत

📅 Published: November 23, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मोहम्मदाबाद में इटावा-बरेली हाईवे पर एक पल्सर बाइक सवार को वैगनआर कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे रौंद दिया। इस हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान थाना नवाबगंज के ग्राम ऊंची गधेड़ी निवासी 28 वर्षीय संजय उर्फ मिजाजी के रूप में हुई है। वह अपने पिता स्वर्गीय खुशीराम के पुत्र थे। संजय 22 नवंबर को मैनपुरी के सुमेरपुर गांव में अपनी बुआ की बेटी की शादी में शामिल होने गए थे। 23 नवंबर को वापस लौटते समय इटावा-बरेली हाईवे पर नंदगांव पुलिया के पास यह हादसा हुआ। बताया गया है कि सड़क पर अचानक गड्ढा आ जाने के कारण संजय ने उसे बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रही वैगनआर कार (MP 07 AD 9410) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से संजय की बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े। उसी क्षण पीछे से आ रहे एक ट्रक (UP 82 T 7519) ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस और चौकी प्रभारी जसवीर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। संजय को एक निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर प्रशांत सेंगर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई। संजय उर्फ मिजाजी गोलगप्पे का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। मृतक अपने पीछे पत्नी कुंती देवी, माता सुरजा देवी, तीन पुत्रियां (आंशिक 10 वर्ष, आंचल 8 वर्ष, स्वीटी 5 वर्ष) और एक पुत्र (अभिनव 3 वर्ष) छोड़ गए हैं। परिजनों को इस घटना से गहरा सदमा लगा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और कार को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, दोनों वाहनों के चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गए। अस्पताल से मिली मेमो सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी जसवीर सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *