कासगंज में डंपर से कुचलकर मजदूर की मौत:भट्ठे से घर लौटते समय हुआ हादसा, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

सहावर थाना क्षेत्र के गांव सेंती में एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार दोपहर उस समय हुआ जब मजदूर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। घटना के बाद भट्ठे पर मौजूद अन्य लोग फरार हो गए। मृतक की पहचान सहावर कस्बा के मोहल्ला नई बस्ती निवासी 35 वर्षीय राजेंद्र पुत्र रामपाल के रूप में हुई है। राजेंद्र गांव सेंती स्थित मनोज के भट्ठे पर मजदूरी करता था। शुक्रवार दोपहर लगभग 2 बजे वह काम खत्म कर अपनी साइकिल से घर जा रहा था। इसी दौरान, भट्ठे पर काम कर रहे एक मिट्टी के डंपर ने उसे टक्कर मार दी, जिससे राजेंद्र डंपर के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। हादसे के तुरंत बाद, भट्ठे पर मौजूद अन्य कर्मचारी भट्ठा बंद कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ट्रैक्टर व डंपर को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों ने भट्ठा मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए युवक के शव को भट्ठे पर ही रख लिया। पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस संबंध में थाना प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिल चुकी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *